भारत में आतंकी हमलों को नाकाम करने के लिये सरकार अब भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (इसरो) की मदद लेने वाली है। इसके लिये सरकार ने पूरा प्लान तैयार कर लिया है। इसरो सैटलाइट से तस्वीरें भेजकर तटीय और समुद्री सुरक्षा में जुटीं एजेंसियों को संदिग्ध जहाजों और बोटों को पकडऩे में मदद करेगा। इस नई पहल के तहत इसरो बोटों की सैटलाइट से निगरानी के लिए अगले साल मार्च महीने तक 1,000 ट्रांसपोडर सप्लाइ करेगा। इसका मकसद समुद्र के रास्ते भारत में उस तरह की घुसपैठ को रोकना है। 26/11 हमलों की तर्ज पर हो सकने वाले आतंकी हमलों को रोकने के लिए इस दिशा में कदम उठाए जा रहे हैं।
सैटेलाइट निगरानी को 20 मीटर से कम नावों के लिए प्रस्तावित किया गया है। 2008 में मुंबई में हुए आतंकी हमलों के बाद से ही भारत अपनी तटीय सुरक्षा को मजबूत करने में लगा है। उस दर्दनाक आतंकी हमले में 166 लोगों की मौत हो गई थी। गृह मंत्रालय के एक अधिकारी ने शुक्रवार को बताया कि ऑटोमैटिक आइडेंटिफिकेशन सिस्टम के जरिए 20 मीटर से बड़े बोटों की निगरानी की जा सकेगी जबकि 20 मीटर से छोटे बोटों की सैटलाइट मॉनिटरिंग का प्रस्ताव है। दरअसल, भारतीय समुद्री सीमा की ओर बढऩेवाले संदिग्ध जहाजों की कड़ी निगरानी के लिए निर्माण का काम रफ्तार पकड़ रहा है। इसके तहत 46 कोस्टल रेडार और 74 ऑटोमैटिक आईडी सिस्टम्स तैनात किए जा चुके हैं।
Comments
Post a Comment