आधार कार्ड की सूचना लीक होने की खबर के बाद सरकार ने नई योजना बनाई है, ताकि इसकी गोपनीयता बनी रहे और लोगों को भविष्य में किसी तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े। अब सभी जगह आधार कार्ड नहीं बनेंगे, बल्कि इसके लिए कुछ खास केंद्र तय किए गए हैं। यानी अब लोगों को आधार कार्ड बनवाने के लिए भटकना नहीं पड़ेगा। दरअसल, केंद्र सरकार फरवरी में डाकघरों में आधार बनवाने की सुविधा शुरू करने जा रही है।
जानकारी के मुताबिक, इस संबंध में विभागीय कार्य प्रगति पर है. आगरा क्षेत्र में आधार कार्ड बनाने के लिए 600 अभ्यर्थियों का चयन किया गया है। डाक सेवा के उपनिदेशक ने बताया कि लोगों को जल्द ही आधार कार्ड बनवाने की सुविधा डाकघरों में मिलेगी। उन्होंने कहा कि संभवत: इस सुविधा का लाभ लोग फरवरी से पा सकेंगे।
सीएससी या अन्य कंपनियों के सेंटरों पर आधार कार्ड बनाने की प्रक्रिया चल रही थी, लेकिन बीते एक सितंबर से यह व्यवस्था बदल गई है। अब सिर्फ सरकारी कार्यालयों में ही आधार कार्ड बनाने का काम होगा। अब इसे और गोपनीय बनाने की कवायद शुरु कर दी है। इस कड़ी में सरकार ने डाकघर को जिम्मेदारी सौंपी है।
डाकघरों में आधार कार्ड बनाने और उसमें सुधार निशुल्क किया जाएगा। इसके तहत आगरा परिक्षेत्र में छह सौ डाक कर्मचारियों का चयन किया गया है। इनकी एक परीक्षा हो चुकी है। विभागीय अधिकारी जल्द ही डाकघरों में आधार कार्ड बनाने वाले उपकरण उपलब्ध कराने में जुटे हैं।
आधार जारी करने वाली संस्था भारतीय विशिष्ट पहचान प्राधिकरण (यूआईडीएआई) पहले ही आधार डाटा को पूरी तरह से सुरक्षित बता चुकी है।
यूआईडीएआई के मुताबिक, किसी भी तरह से डाटा सार्वजनिक नहीं किया गया है और न किया जाएगा। आधार संख्या कोई गोपनीय संख्या नहीं है और यदि कोई आधार धारक सरकारी कल्याण योजनाओं या अन्य सेवाओं का लाभ लेना चाहता है तो उसे प्राधिकृत एजेंसियों के साथ आधार संख्या साझा करनी होती है।
Comments
Post a Comment